राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर अखिलेश का बड़ा हमला, BJP पर लगाए गंभीर आरोप

SHARE:

अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बड़ा भूचाल आ गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने चढ़ावा चोरी के लिए सीधे तौर पर बीजेपी और उससे जुड़े लोगों को जिम्मेदार ठहराते हुए इसे आस्था के साथ खिलवाड़ करार दिया है।

लोकधन की जिस तरह से लूट हुई
अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ (ट्विटर) पर पोस्ट साझा करते हुए बीजेपी सरकार और उसके संगी-साथियों पर करारा प्रहार किया। उन्होंने लिखा कि भारतीय जनता पार्टी और उनके संगी-साथी आस्था के साथ विश्वासघात के महापाप और अपराध के दोषी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभु श्री राम के नाम पर देश और दुनिया से आए श्रद्धालुओं के चढ़ावे और लोकधन की जिस तरह से लूट हुई है, वह बेहद निंदनीय और अक्षम्य है।

धर्म और परम कर्तव्य
सपा प्रमुख ने इस मुद्दे को राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर पूरी ताकत से उठाने का संकल्प व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में हुए इस भ्रष्टाचार और लोकधन की लूट के मुद्दे को सड़क से लेकर संसद यानी लोक संसद तक पहुँचाना और उठाना हम सभी का धर्म और परम कर्तव्य है। अखिलेश यादव के इस सख्त रुख के बाद राज्य में राजनीतिक पारा चढ़ गया है और समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में दिख रही है।

Kinni Times
Author: Kinni Times