CJP प्रदर्शन का असर! कनॉट प्लेस शाम 6:30 बजे तक बंद करने की सलाह

SHARE:

राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में जारी विरोध-प्रदर्शन के चलते पैदा हुए तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए दिल्ली के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र कनॉट प्लेस में व्यावसायिक गतिविधियों को समय से पहले बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने एक एडवाइजरी जारी कर गुरुवार शाम 6:30 बजे तक कनॉट प्लेस (CP) के सभी दुकानों, दफ्तरों, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद करने की सख्त सलाह दी है।

निजी संपत्ति के नुकसान से बचा जा सके
यह एडवाइजरी न्यू दिल्ली म्यूनिसिपल काउंसिल (NDMC) के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के मौखिक निर्देशों और सुरक्षा इनपुट के आधार पर जारी की गई है। एनडीटीए (NDTA) के अध्यक्ष अतुल भार्गव के अनुसार, जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस के आसपास बने गंभीर और तनावपूर्ण हालात को देखते हुए एहतियातन यह कदम उठाया गया है। एसोसिएशन ने सभी व्यापारियों, दफ्तर संचालकों और रेस्टोरेंट मालिकों से पूर्ण सहयोग की अपील की है, ताकि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और किसी भी प्रकार की जनहानि या सरकारी/निजी संपत्ति के नुकसान से बचा जा सके।

संबंध में आगे का निर्णय लिया जाएगा
गौरतलब है कि नीट परीक्षा और पेपर लीक मामले को लेकर सीजेपी का यह प्रदर्शन बीते कुछ दिनों से मध्य दिल्ली में लगातार उग्र रूप ले रहा है। हाल के दिनों में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई झड़पों, ट्रैफिक जाम और संवेदनशील माहौल को देखते हुए ही प्रशासन ने सुरक्षात्मक कदम उठाए हैं। व्यापारियों की इस संस्था ने साफ किया है कि आज के हालात का जायजा लेने के बाद ही शुक्रवार के संबंध में आगे का निर्णय लिया जाएगा।

Kinni Times
Author: Kinni Times