नीट परीक्षा धांधली और शिक्षा सुधारों की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का ‘संसद मार्च’ सोमवार को भी राजधानी में जारी रहा। जंतर-मंतर से संसद भवन की तरफ बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई है। संसद मार्ग के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कई संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग कर दी गई है।
हिरासत की खबरों के बीच उपजा भ्रम
मार्च के दौरान उस समय स्थिति और तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारी छात्रों को रोके जाने और हिरासत में लिए जाने की खबरें सामने आईं। इसी बीच सीजेपी के वरिष्ठ सदस्य सौरभ दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दावा किया कि सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सौरभ दास ने सांसदों से छात्रों के समर्थन में सड़कों पर उतरने की अपील की।
भारी पुलिस बल तैनात, लाठीचार्ज की खबरें
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लुटियंस दिल्ली में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। जंतर-मंतर और संसद मार्ग पर बैरिकेड्स तोड़ने का प्रयास कर रहे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, जिसमें कुछ छात्र कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मौके से हिरासत में लिया।








