काशी-मथुरा पर केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा बयान

SHARE:

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने काशी और मथुरा को लेकर बड़ा बयान दिया है। गुरुवार को वाराणसी में आयोजित ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ के पंच सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जैसे अयोध्या में राम मंदिर बना, उसी तरह भविष्य में काशी और मथुरा में भी भव्य मंदिर बनने का रास्ता साफ होगा।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण हो चुका है, लेकिन मंदिर के पास अब भी एक ढांचा मौजूद है। उनका दावा है कि आने वाले समय में भगवान विश्वनाथ का भव्य मंदिर भी उसी तरह दिखाई देगा जैसा अयोध्या में राम मंदिर बना है।

मथुरा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि के पास ईदगाह बनी हुई है और इस मामले की सुनवाई अदालत में चल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि न्यायिक प्रक्रिया के जरिए अंततः सत्य की जीत होगी और वहां भी भव्य मंदिर का निर्माण होगा।

इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। मौर्य ने कहा कि यदि अखिलेश वास्तव में भगवान राम के भक्त होने का दावा करते हैं, तो उन्हें श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मुद्दे पर भी खुलकर अपनी राय रखनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति के कारण इस विषय पर स्पष्ट रुख नहीं अपनाता।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे विवाद का समाधान अदालत के माध्यम से ही होगा और उन्हें भरोसा है कि न्यायालय के फैसले के बाद देशवासी काशी और मथुरा में भव्य मंदिर का निर्माण होते देखेंगे।

यह भी पढे
SOG ने एक और आरोपी पकड़ा, अब तक 15 गिरफ्तार https://kinnitimes.com/?p=31323
Kinni Times
Author: Kinni Times