बारिश बनी मुसीबत, टेंट के लिए पुलिस से गिड़गिड़ाए CJP प्रमुख

SHARE:

राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कथित परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ चल रहा आंदोलन अब एक नए और बेहद भावुक मोड़ पर पहुंच गया है. पिछले कई दिनों से जारी इस प्रदर्शन के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है. इस वायरल वीडियो में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के चीफ अभिजीत दिपके प्रदर्शन स्थल पर तैनात दिल्ली पुलिस के जवानों के पैरों में गिरते हुए नजर आ रहे हैं.

नियमों का हवाला देकर जब इसकी अनुमति नहीं मिली
दरअसल, दिल्ली में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण जंतर-मंतर पर खुले आसमान के नीचे धरने पर बैठे छात्रों और अनशनकारियों की मुश्किलें बेहद बढ़ गई हैं. खासतौर पर पिछले 11 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे शिक्षाविद और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत के बीच इस बारिश ने आंदोलनकारियों की चिंता को दोगुना कर दिया है. इसी स्थिति को देखते हुए CJP चीफ अभिजीत दिपके ने पुलिस प्रशासन के सामने टेंट लगाने की गुहार लगाई, लेकिन सुरक्षा कारणों और नियमों का हवाला देकर जब इसकी अनुमति नहीं मिली, तो दिपके खुद को रोक नहीं पाए और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के पैरों में गिर पड़े.

आंदोलनकारियों की मजबूरी बता रहे
अभिजीत दिपके ने खुद इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए पुलिस प्रशासन से एक भावुक अपील की है. उन्होंने लिखा कि वे पुलिस प्रशासन से हाथ जोड़कर अनुरोध करते हैं कि उन्हें प्रदर्शन स्थल पर टेंट लगाने की अनुमति दी जाए, ताकि पिछले कई दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को इस तेज बारिश से बचाया जा सके. इस घटना के बाद जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है, जबकि सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर लोगों के बीच तीखी बहस छिड़ गई है. जहां कुछ लोग इसे आंदोलनकारियों की मजबूरी बता रहे हैं, वहीं कुछ इसे प्रशासनिक नियमों और सुरक्षा के लिहाज से देख रहे हैं.

Kinni Times
Author: Kinni Times