NEET आंदोलन के बीच CJP प्रमुख का विवादित बयान, अन्ना हजारे को बताया ‘रिटायर होने का समय’

SHARE:

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और नीट (NEET) परीक्षा लीक मामले में देशव्यापी आंदोलन चला रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके अपने एक ताजा बयान को लेकर बड़े विवादों में घिर गए हैं। छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) में मीडिया से बातचीत के दौरान अभिजीत दीपके ने देश के दिग्गज और वयोवृद्ध सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे को लेकर एक बेहद तीखी और विवादित टिप्पणी की है।

पुराने नेता से मुलाकात नहीं करने वाले
जब मीडियाकर्मियों ने दीपके से सवाल पूछा कि क्या वे शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए चल रहे अपने इस आंदोलन में ज्येष्ठ समाजसेवक अन्ना हजारे को भी शामिल करेंगे या उनसे मुलाकात करेंगे, तो उन्होंने इससे साफ इनकार कर दिया। दीपके ने दो टूक शब्दों में कहा कि वह अन्ना हजारे या उनके जैसे किसी भी अन्य पुराने नेता से मुलाकात नहीं करने वाले हैं।

राजनेता हों या सामाजिक कार्यकर्ता
अभिजीत दीपके ने उम्रदराज नेताओं और कार्यकर्ताओं पर निशाना साधते हुए कहा, “जिन लोगों की उम्र 60 से 70 साल से ज्यादा हो चुकी है, उन्हें अब खुद ही सभी प्रकार के सामाजिक और राजनीतिक आंदोलनों से संन्यास ले लेना चाहिए। चाहे वे कोई राजनेता हों या सामाजिक कार्यकर्ता, इस उम्र के बाद उन्हें पूरी तरह रिटायर हो जाना चाहिए।

निवृत्त होकर आश्रम में बैठें और आराम करें
पार्टी प्रमुख ने आगे बेहद आक्रामक लहजे में कहा कि यह लड़ाई देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़ी हुई है, इसलिए हमारा भविष्य कैसा होगा और हमें क्या कदम उठाने हैं, यह पूरी तरह से युवाओं को ही तय करने दिया जाए। उन्होंने विवादित शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा, “जिन बुड्ढे लोगों का सब कुछ हो चुका है, वे अब पूरी तरह निवृत्त होकर आश्रम में बैठें और आराम करें। वे फिजूल में युवाओं के भविष्य से जुड़े फैसलों और आंदोलनों में बीच में न आएं।”

Kinni Times
Author: Kinni Times