अयोध्या के भव्य राम मंदिर में चढ़ावे और चंदे की चोरी को लेकर छिड़े राजनीतिक विवाद के बीच अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के ही एक विधायक का बेहद चौंकाने वाला और बड़ा बयान सामने आया है. उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले की पुरवा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक अनिल कुमार सिंह ने चंदे और चढ़ावे में गबन करने वालों को आड़े हाथों लेते हुए खरी-खरी सुनाई है. बीजेपी विधायक ने दावा किया है कि भगवान के घर में चोरी करने वालों को खुद ईश्वर ही सजा देंगे और ऐसे लोगों को एक साल के भीतर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी हो जाएगी.
खुद भगवान सुनाएंगे मौत की सजा’
मीडिया से बातचीत करते हुए पुरवा विधायक अनिल कुमार सिंह ने बेहद तल्ख तेवर दिखाए. उन्होंने कहा कि राम मंदिर आस्था का केंद्र है और वहां देश-दुनिया के श्रद्धालुओं की गाढ़ी कमाई का चढ़ावा आता है. विधायक ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “जिसने भी राम मंदिर से चोरी की होगी या चंदे का गबन किया होगा, उसे एक साल के अंदर ही सीधा कैंसर हो जाएगा. खुद भगवान की तरफ से उसे मौत की सजा सुनाई जाएगी.”
विपक्ष के आरोपों के बीच आया बयान
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से विपक्ष राम मंदिर के चढ़ावे और चंदे में कथित अनियमितताओं को लेकर लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए है. समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव से लेकर कांग्रेस पार्टी तक ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखे राजनीतिक हमले बोले हैं. विपक्ष के इन आरोपों के बीच सत्ताधारी दल के ही एक विधायक द्वारा आस्था और दैवीय न्याय का हवाला देकर दिया गया यह बयान अब राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है.








