दिल्ली-यूपी में भी बारिश का अलर्ट

SHARE:

भीषण गर्मी, उमस और तेज धूप से परेशान मुंबईवासियों को आखिरकार बड़ी राहत मिल गई है। करीब 13 दिनों की देरी के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मंगलवार को मुंबई में प्रवेश कर लिया। सुबह से ही शहर के कई इलाकों में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक मानसून अब महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों के साथ-साथ ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार तक पहुंच चुका है। वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में आज भारी बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है।

मुंबई में मानसून आमतौर पर 10 जून तक पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसकी एंट्री में लगभग दो सप्ताह की देरी हुई। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की रफ्तार अब तेज हो गई है और आने वाले दिनों में कई राज्यों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।

बारिश के बावजूद मुंबई की रफ्तार पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। शहर के प्रमुख मार्गों, सब-वे, लोकल ट्रेनों और बेस्ट बस सेवाओं का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा। कुछ इलाकों में ट्रैफिक की गति जरूर धीमी हुई, लेकिन कहीं से बड़े व्यवधान की खबर नहीं मिली।

शाम तक शहर में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि मुंबई को पानी उपलब्ध कराने वाली झीलों के जलग्रहण क्षेत्रों में भी पर्याप्त वर्षा हुई है। इससे जल भंडारण में सुधार की उम्मीद बढ़ गई है। वहीं मीठी नदी का जलस्तर भी फिलहाल सामान्य बना हुआ है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति का कोई खतरा नहीं बताया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों को अगले कुछ दिनों तक मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

यह भी पढे

मुंबई में बारिश का कहर, दिल्ली में भीषण आग https://kinnitimes.com/?p=30548

Kinni Times
Author: Kinni Times