देश और दुनिया की प्रमुख खबरों में अमेरिका-ईरान शांति समझौता, दिल्ली पुलिस की बड़ी साइबर कार्रवाई, झारखंड राज्यसभा चुनाव के नतीजे और चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या प्रमुख रही।
मध्य पूर्व में तनाव कम होने के संकेत मिले हैं। ईरान ने स्पष्ट किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में रातभर किसी भी जहाज पर गोलीबारी नहीं की गई। वहीं अमेरिका और ईरान के बीच हुए 14 सूत्रीय शांति समझौते को लेकर दोनों देशों के नेताओं ने सकारात्मक बयान दिए हैं। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा कि आपसी सम्मान और विश्वास के माहौल में ही स्थायी शांति संभव है।
दिल्ली पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन CyHawk 5.0” चलाया, जिसके तहत 800 से अधिक साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। दूसरी ओर, दिल्ली हाई कोर्ट में केंद्र सरकार ने टेलीग्राम को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि यह प्लेटफॉर्म आतंकी गतिविधियों और अपराधियों के नेटवर्क के लिए सबसे मुफीद माध्यम बनता जा रहा है।
चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। आज 41 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि अब तक कुल 37.7 लाख से ज्यादा लोग यात्रा कर चुके हैं।
मौसम की बात करें तो दिल्ली के पालम, द्वारका, वसंत विहार समेत कई इलाकों में आंधी और बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने की संभावना भी जताई है। वहीं हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण संजौली-ढली बाईपास बंद हो गया, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
झारखंड राज्यसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम और एनडीए समर्थित प्रत्याशी परिमल नाथवाणी ने जीत दर्ज की। चुनाव परिणामों के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर भारतीय सेना की टुकड़ी मंगोलिया में होने वाले सैन्य अभ्यास “खान क्वेस्ट” में भाग लेने के लिए रवाना होने की तैयारी में है। वहीं आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल और पाकिस्तान से संचालित कथित आतंकी कॉल सेंटर का बड़ा खुलासा भी सामने आया है।
रेलवे ने काशी स्टेशन विस्तार परियोजना के लिए एक मस्जिद को खाली करने का नोटिस जारी किया है। दूसरी ओर, पश्चिम रेलवे ने 21 जून को होने वाली री-नीट परीक्षा के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांसीसी रेल कंपनी अल्स्टॉम के सीईओ मार्टिन सियन के साथ मुलाकात कर भारत में रेलवे और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। वहीं चीन के विदेश मंत्री 22 और 23 जून को दिल्ली में होने वाली ब्रिक्स राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक में हिस्सा लेंगे।
इस बीच श्रम मंत्रालय ने घोषणा की है कि कर्मचारी भविष्य निधि (PF) का पैसा एटीएम और यूपीआई के माध्यम से निकालने की सुविधा इसी महीने शुरू की जाएगी, जिससे करोड़ों कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी।
यह भी पढे
शाहूरपुर में DDA भूमि पर कथित अतिक्रमण का मामला गरमाया, प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका पर उठे सवाल https://kinnitimes.com/?p=30421






