यूपी-बिहार समेत दर्जनों की मौत

SHARE:

देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी के बीच बदला मौसम आफत बनकर टूट पड़ा। तेज आंधी, मूसलाधार बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात ने उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड और झारखंड समेत कई राज्यों में भारी तबाही मचाई। अलग-अलग हादसों में उत्तर प्रदेश में 20, बिहार में 14, उत्तराखंड और झारखंड में दो-दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में गुरुवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी और बारिश के कारण कई जिलों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई। बुंदेलखंड और पूर्वांचल सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। वाराणसी मंडल के चौरीचौरा और गौरी बाजार रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से रेल सेवाएं बाधित हो गईं।

कुदरत का महातांडव: आंधी-वर्षा से बंगाल समेत कई राज्यों में तबाही, यूपी में  20 तो बिहार में 14 लोगों की मौत - weather news updates storm and rain  caused devastation in several

उरई और भुआ स्टेशन के बीच ओवरहेड लाइन का खंभा टूटने से झांसी-लखनऊ रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा। कई ट्रेनें रास्ते में ही खड़ी रहीं। खराब मौसम के कारण विमानों पर भी असर पड़ा और कई उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा।

प्रयागराज में बारिश ने 55 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। महज चार घंटों में 61 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो मई महीने में एक दिन की सबसे अधिक बारिश मानी जा रही है। इससे पहले 1971 में 54 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों को नुकसान का आकलन कर 24 घंटे के भीतर राहत राशि वितरित करने के निर्देश दिए हैं।

बिहार में भी तेज आंधी और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। पटना और गया में तेज हवाएं चलीं, जबकि मोतिहारी में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। पश्चिम चंपारण में नेपाल से आने वाले पानी के कारण गंडक नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे कई संपर्क मार्ग डूब गए हैं।

पटना एयरपोर्ट पर खराब मौसम की वजह से चार विमानों को डायवर्ट करना पड़ा और कई उड़ानें घंटों देरी से चलीं। बिहार सरकार ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये सहायता देने की घोषणा की है।

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में वज्रपात की चपेट में आने से लखनऊ के दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों ट्रेकिंग के लिए पहुंचे थे। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हो गए। खराब मौसम में फंसे 50 से अधिक पर्यटकों को राहत टीमों ने सुरक्षित निकाला।

पश्चिम बंगाल में भी तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई। दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में 70 से 88 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। आकाशीय बिजली और तूफान की वजह से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। राज्य सरकार ने मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।

हिमाचल प्रदेश में ओलावृष्टि और बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं उत्तराखंड में बारिश के चलते जंगलों में लगी आग पर काबू पा लिया गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने की अपील की है।

यह ही पढे

पुणे शराब कांड और IPL में छाए बड़े अपडेट https://kinnitimes.com/?p=30096

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई