दिल्ली के रोहिणी इलाके में चोरी के शक में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास में 23 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या से राजधानी में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। दूसरी ओर, दिल्ली में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज कर दीं।
NEET पेपर लीक मामले में आरोपी पीवी कुलकर्णी और शिवराज मोटेगांवकर को अदालत ने 10 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं ट्विशा केस में CBI ने हाईकोर्ट से गिरिबाला सिंह की जमानत रद्द करने की मांग की है, जबकि मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने इस मामले में आदेश सुरक्षित रख लिया है।
बिहार SIR मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए कहा कि मतदाताओं से जानकारी मांगना उनके अधिकारों का हनन नहीं है और SIR प्रक्रिया चुनाव आयोग का संवैधानिक अधिकार है। इसी बीच दिल्ली में 30 जून से SIR प्रक्रिया शुरू होने और 7 अक्टूबर को नई वोटर लिस्ट प्रकाशित होने की घोषणा की गई।
पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में राजनीतिक हलचल भी तेज रही। असम विधानसभा में समान नागरिक संहिता विधेयक पास हो गया, जिससे असम ऐसा करने वाला तीसरा राज्य बन गया। पश्चिम बंगाल में TMC सांसद काकोली घोष ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया, जबकि बंगाल STF ने TMC विधायक दिलीप मंडल को पुरी से गिरफ्तार किया। कोलकाता में दो TMC पार्षदों के इस्तीफे ने भी पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
केरल में प्रवर्तन निदेशालय ने पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और उनकी बेटी से जुड़े 10 ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई से नाराज समर्थकों ने ED अधिकारियों की गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी।
अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर पश्चिम एशिया में तनाव बना हुआ है। हमास ने अपने वरिष्ठ कमांडर मोहम्मद ओदेह की मौत की पुष्टि की है, जबकि गाजा में इजरायली एयरस्ट्राइक में तीन फिलिस्तीनियों की मौत हो गई। ईरान ने अमेरिका पर सीजफायर उल्लंघन का आरोप लगाया है। इसी बीच अमेरिकी सेना के ईरान के आसपास से हटने और होर्मुज से जहाजों की आवाजाही जारी रहने की खबरों ने वैश्विक राजनीति में हलचल बढ़ा दी है।
आर्थिक मोर्चे पर शेयर बाजार दबाव में रहा। सेंसेक्स 141 अंक गिरकर 75,867 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी मामूली गिरावट के साथ 23,907 पर पहुंच गया। वहीं भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर 1 से 4 जून तक अमेरिकी टीम के भारत दौरे की घोषणा हुई है।
गुजरात में ATS और भारतीय कोस्ट गार्ड ने कच्छ के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 किलो कोकीन बरामद की। वहीं पटना के मसौढ़ी में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में एक अपराधी घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।







