राजधानी दिल्ली में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि अब दिन के साथ-साथ रातें भी लोगों को राहत नहीं दे रही हैं। रविवार की रात मई महीने की पिछले 14 वर्षों में सबसे गर्म रात दर्ज की गई। मौसम विभाग ने इसे “गर्म रात” घोषित किया है। सोमवार को भी लोगों को तेज धूप, लू और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.7 डिग्री ज्यादा है। इससे पहले मई 2012 में 32.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था। वहीं अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि रिज इलाके में पारा 44.3 डिग्री दर्ज हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री या उससे ऊपर हो और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री से अधिक बढ़ जाए, तब उसे “गर्म रात” माना जाता है। सफदरजंग, लोधी रोड और आयानगर जैसे इलाकों में भी रविवार रात बेहद गर्म रही।
दिल्लीवासियों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने 29 मई तक भीषण गर्मी और लू चलने का अनुमान जताया है। इसी को देखते हुए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मंगलवार को भी आसमान साफ रहने, तेज गर्म हवाएं चलने और गर्म रात बने रहने की संभावना है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी और गर्म रातें लोगों की सेहत पर असर डाल सकती हैं। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।








