दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोना और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार चांदी की कीमत करीब ₹11,000 टूटकर 2,65,500 रुपये प्रति किलो पर आ गई, जबकि गुरुवार को इसका भाव 2,76,500 रुपये प्रति किलो था।
वहीं 99.9% शुद्धता वाले सोने की कीमत भी करीब ₹2,000 गिरकर 1,63,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। कीमतों में आई इस तेज गिरावट से बाजार में हलचल मच गई है।
विशेषज्ञों के मुताबिक इस गिरावट की बड़ी वजह डॉलर की मजबूती और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है, जिससे महंगाई बढ़ने की आशंका बनी हुई है। ऐसे हालात में दुनिया के कई केंद्रीय बैंक ब्याज दरों को लंबे समय तक ऊंचा बनाए रख सकते हैं, जिससे सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव पड़ रहा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिला है। हाजिर चांदी करीब 83 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रही है, जबकि सोना भी हाल के ऊपरी स्तर से नीचे बना हुआ है।
विश्लेषकों का कहना है कि फिलहाल बाजार में अल्पकालिक उतार-चढ़ाव और ट्रेडर्स की बिकवाली जारी रह सकती है। हालांकि अगर वैश्विक तनाव कम होता है और केंद्रीय बैंकों की खरीद बढ़ती है, तो आने वाले समय में सोना-चांदी को फिर से सहारा मिल सकता है।








