उत्तर प्रदेश के उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने छह जिंदगियां छीन लीं। हादसा थाना सादाबाद क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 141 के पास हुआ, जहां एक इको कार और डबल डेकर बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण कि कार के उड़े परखच्चे
बताया जा रहा है कि इको कार ने पीछे से बस में टक्कर मार दी। टक्कर की रफ्तार इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कार सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग घायल हो गए।
तीन घायलों की हालत गंभीर
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज गति से चल रही थी और संभव है कि चालक को आगे चल रही बस का अंदाजा नहीं लग सका। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित रहा, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और ट्रैफिक सुचारू कराया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है और अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।








