नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली की हवा एक बार फिर बिगड़ गई है। हवा की रफ्तार धीमी पड़ने से प्रदूषक कण वातावरण में ठहर गए, जिसके चलते वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गई। सोमवार को औसत AQI 249 दर्ज किया गया, जो रविवार के 189 के मुकाबले 60 अंक ज्यादा है।
आंकड़े बताते हैं कि प्रदूषण का दबाव शहर के कई हिस्सों में ज्यादा है। शाम चार बजे तक छह इलाकों में AQI 300 के पार पहुंच गया, जिससे ये क्षेत्र ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किए गए। हवा में मौजूद PM10 और PM2.5 कणों का स्तर तय मानकों से लगभग दोगुना पाया गया।
PM10 का औसत स्तर 214 और PM2.5 का 109 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो स्वास्थ्य के लिहाज से चिंताजनक है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक हालात में खास सुधार की संभावना नहीं है।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा प्रदूषण दर्ज
शादीपुर (318), आनंद विहार (315), रोहिणी (306), मुंडका (303), वजीरपुर (302) और जहांगीरपुरी (302) ऐसे इलाके रहे, जहां हवा सबसे ज्यादा खराब रही।
कमजोर हवाओं के चलते प्रदूषण का असर फिलहाल बना हुआ है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है।








