उत्तर भारत पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का डबल असर, पहाड़ों में भारी बर्फबारी का अलर्ट

SHARE:

उत्तर भारत में जारी कड़ाके की ठंड के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, इसके असर से पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के चलते ठंड और बढ़ने वाली है।

मौसम विभाग ने बताया कि 30 जनवरी की रात से पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करना शुरू करेगा। इसके चलते 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

हिमाचल और उत्तराखंड में अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के चंबा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में येलो अलर्ट रहेगा। भारी बर्फबारी के कारण सड़कें बंद होने, बिजली-पानी की आपूर्ति प्रभावित होने और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जैसे उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भी भारी बर्फबारी की चेतावनी दी गई है, जिससे चारधाम यात्रा मार्गों पर असर पड़ सकता है।

दिल्ली-एनसीआर में बदलेगा मौसम
दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। हल्की बारिश और तेज हवाओं के साथ तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठिठुरन और बढ़ेगी।

यूपी-हरियाणा में कोहरा और शीतलहर
उत्तर प्रदेश और हरियाणा के मैदानी इलाकों में घना कोहरा बना रहेगा। कुछ क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है, जिससे किसानों की चिंताएं बढ़ सकती हैं।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *