मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह ने अचानक प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने का ऐलान कर अपने करोड़ों फैंस को चौंका दिया है। महज 38 साल की उम्र में, वो भी करियर के शिखर पर, अरिजीत के इस फैसले ने हर किसी को हैरान कर दिया है। फैंस लगातार यह जानना चाह रहे हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि अरिजीत सिंह ने फिल्मों के लिए गाना छोड़ने का फैसला कर लिया।
अरिजीत सिंह ने साफ कर दिया है कि यह फैसला किसी एक घटना या जल्दबाजी में नहीं लिया गया। उन्होंने 27 जनवरी को अपने X अकाउंट पर पोस्ट कर प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने की जानकारी दी, जिसके बाद इंस्टाग्राम पर एक विस्तृत बयान भी साझा किया।
थकान और रुचि खत्म होना बना बड़ा कारण
अरिजीत सिंह ने बताया कि वह काफी समय से इस फैसले पर सोच रहे थे। उन्होंने लिखा कि उनकी दिलचस्पी चीजों में जल्दी खत्म हो जाती है और यही वजह है कि वह अपने गानों को बार-बार नए अंदाज में लाइव परफॉर्म करते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि वह अब खुद को थका हुआ महसूस करने लगे हैं और आगे बढ़ने के लिए अलग-अलग तरह के म्यूजिक को एक्सप्लोर करना चाहते हैं।
नए सिंगर्स के लिए जगह बनाना चाहते हैं
अपने फैसले के पीछे एक और अहम वजह बताते हुए अरिजीत ने कहा कि वह नए कलाकारों को आगे आते देखना चाहते हैं। उनका मानना है कि इंडस्ट्री में नई आवाज़ों को मौका मिलना चाहिए, जो उन्हें भी प्रेरित कर सकें।
म्यूजिक से दूरी नहीं बनाएंगे
हालांकि अरिजीत सिंह ने यह भी साफ किया कि वह म्यूजिक बनाना पूरी तरह नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके कुछ अधूरे प्रोजेक्ट्स अभी बाकी हैं, जो पूरे किए जाएंगे और आने वाले समय में उनके कुछ गाने रिलीज हो सकते हैं। लेकिन अब वह फिल्मों के लिए नए प्लेबैक असाइनमेंट्स नहीं लेंगे।
शानदार रहा अरिजीत का सफर
पश्चिम बंगाल के जीयागंज में जन्मे अरिजीत सिंह को संगीत विरासत में मिला। रियलिटी शो से पहचान बनाने के बाद ‘आशिकी 2’ के गाने ‘तुम ही हो’ ने उन्हें रातोंरात सुपरस्टार बना दिया। इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक सुपरहिट गाने दिए और बॉलीवुड के सबसे भरोसेमंद सिंगर बन गए।
अरिजीत सिंह के इस फैसले से फैंस भले ही भावुक हैं, लेकिन उनके मुताबिक यह एक सोचा-समझा कदम है, जिससे वह खुद को नए म्यूजिकल सफर के लिए तैयार करना चाहते हैं।








