दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में आधी रात को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। रामलीला मैदान के पास स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के आसपास नगर निगम (MCD) ने करीब 10 बुलडोजरों की मदद से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
कार्रवाई के विरोध में मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसके बाद हालात बेकाबू होने लगे। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। हालांकि, पुलिस ने संयम बरतते हुए हालात पर जल्द काबू पा लिया।
पुलिस का बयान
सेंट्रल रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त मधुर वर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत की गई। सर्वे में मस्जिद से सटे कई हिस्सों में अवैध अतिक्रमण पाए गए थे, जिनमें एक औषधालय और सामुदायिक भवन भी शामिल है, जिन्हें अवैध घोषित किया गया।
उन्होंने कहा कि कुछ उपद्रवी तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, लेकिन न्यूनतम बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और इलाके में शांति बहाल कर दी गई।
ट्रैफिक पर असर
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के चलते शहर के कई इलाकों में यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
जेएलएन मार्ग, अजमेरी गेट और मिंटो रोड पर जाम की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा दिल्ली गेट, बीएसजेड मार्ग और एनएस मार्ग पर भी भारी ट्रैफिक रहने की संभावना है।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और जरूरी होने पर ही इन रास्तों से गुजरें।








