पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। हिमाचल प्रदेश और कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी से पर्यटक उत्साहित नजर आ रहे हैं, वहीं यूपी, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर समेत मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा और बढ़ता प्रदूषण लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है।
हिमाचल में बर्फ की चादर, पर्यटकों में उत्साह
हिमाचल प्रदेश के रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा दर्रों में ताजा हिमपात दर्ज किया गया। बर्फबारी के बाद दोपहर में मौसम साफ होने से पर्यटकों ने पहाड़ों की खूबसूरती का आनंद लिया। शिमला, कुफरी और मनाली में दिनभर बादल छाए रहे, जबकि निचले इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ का असर सीमित रहा।
घने कोहरे का अलर्ट, स्कूलों के समय में बदलाव
बिलासपुर और मंडी जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। मौसम विभाग ने हिमाचल के मैदानी और निचले इलाकों के लिए 27, 28 और 29 दिसंबर को घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऊना जिले में हालात को देखते हुए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों का समय बदलकर सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक कर दिया गया है।
कश्मीर में नए साल पर बर्फबारी के आसार
कश्मीर घाटी में दिन के समय मौसम साफ रहा, लेकिन कड़ाके की ठंड बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार, नए साल के मौके पर श्रीनगर समेत घाटी के कई इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जिससे पर्यटन गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है।
मैदानी इलाकों में कोहरा, उड़ानें प्रभावित
उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में भी अगले तीन दिनों के लिए कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून और पंतनगर एयरपोर्ट पर कोहरे के कारण कई उड़ानें प्रभावित हुईं। दिल्ली-एनसीआर, यूपी, पंजाब, हरियाणा और बिहार में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली की हवा फिर हुई जहरीली
दो दिन की राहत के बाद दिल्ली की वायु गुणवत्ता एक बार फिर बिगड़ गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शुक्रवार शाम 4 बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI गिरकर 332 पर पहुंच गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। इससे पहले गुरुवार को AQI 234 और एक दिन पहले 271 दर्ज किया गया था।
राजधानी के 38 सक्रिय निगरानी स्टेशनों में से आठ स्टेशनों पर AQI 400 के पार पहुंच गया, जिसे ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा गया। इनमें आनंद विहार, बावना, डीटीयू, जहांगीरपुरी, नरेला, नेहरू नगर, रोहिणी और विवेक विहार शामिल हैं। वहीं 20 स्टेशनों पर AQI बेहद खराब और नौ स्टेशनों पर खराब दर्ज किया गया।







