दिल्ली में आज से सख्त प्रदूषण नियंत्रण नियम लागू, बिना PUC ईंधन नहीं, गैर-BS-6 वाहनों की नो-एंट्री

SHARE:

नई दिल्ली: बढ़ते वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली सरकार ने गुरुवार से कड़े कदम लागू कर दिए हैं। अब राजधानी में वैध PUC (प्रदूषण प्रमाणपत्र) के बिना किसी भी वाहन को पेट्रोल पंप पर ईंधन नहीं मिलेगा। साथ ही दिल्ली के बाहर पंजीकृत गैर-BS-6 वाहनों के लिए राजधानी में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।

इन नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए 126 बॉर्डर और चेक प्वाइंट्स पर 580 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। निगरानी के लिए 37 प्रखर वैन भी तैनात रहेंगी। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पेट्रोल पंप डीलर संघ और ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि नियमों में किसी तरह की ढील नहीं दी जाए।

मंत्री ने कहा कि पेट्रोल पंपों पर ANPR कैमरे, वॉयस अलर्ट और पुलिस सहयोग के साथ व्यवस्था लागू की जाए। उन्होंने जोर दिया कि प्रदूषण नियंत्रण सिर्फ सरकार नहीं, बल्कि सभी नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है और PUC के बिना ईंधन देना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

धूल-कचरा प्रदूषण पर भी कड़ा एक्शन
पीडब्ल्यूडी ने सड़कों पर गड्ढों की निगरानी के लिए स्थायी व्यवस्था शुरू की है। थर्ड-पार्टी एजेंसी के सर्वे के आधार पर 72 घंटे के भीतर मरम्मत सुनिश्चित की जाएगी। एक स्वतंत्र एजेंसी सालभर गड्ढों और धूल-कचरा प्रदूषण का डेटा जुटाकर जमीनी अमल का ऑडिट करेगी।

ट्रैफिक सुधार के लिए गूगल मैप की मदद
दिल्ली सरकार ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए गूगल मैप के साथ साझेदारी पर भी काम कर रही है। ट्रैफिक सिग्नलों के साथ डेटा इंटीग्रेशन और जाम वाले इलाकों की पहचान पर चर्चा हुई है। सरकार का लक्ष्य कम से कम 100 नए ट्रैफिक हॉटस्पॉट चिन्हित कर वहां समाधान लागू करना है।

बॉर्डर पर सख्त निगरानी
गैर-BS-6 बाहरी वाहनों की एंट्री रोकने के लिए एंट्री प्वाइंट्स पर ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग के प्रवर्तन दल तैनात किए गए हैं। परिवहन विभाग के 78–80 प्रवर्तन दल अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करेंगे।

PUC केंद्रों पर बढ़ी भीड़
नियम लागू होने से पहले ही पेट्रोल पंपों पर स्थित PUC केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। कुछ जगह सर्वर दिक्कत के कारण प्रक्रिया प्रभावित हुई, हालांकि पंप संचालकों के अनुसार बुधवार को सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक PUC प्रमाणपत्र जारी किए गए।

सरकार का कहना है कि ये कदम राजधानी की हवा को बेहतर बनाने की दिशा में निर्णायक साबित होंगे।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *