ब्रेकिंग न्यूज़ | न्यूज़ फ्लैश 16 दिसंबर 2025

SHARE:

देश और दुनिया की बड़ी खबरों पर एक नजर—

गोवा अग्निकांड मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। आरोपी नाइट क्लब मालिक लूथरा ब्रदर्स को भारत लाकर गोवा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पटियाला हाउस कोर्ट में हुई सुनवाई के बाद दोनों को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस उन्हें मेडिकल जांच के लिए इंदिरा गांधी अस्पताल ले गई, जबकि कल सुबह 11 बजे तक गोवा पहुंचाने की तैयारी है।

राजनीतिक हलचल की बात करें तो बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी से मुलाकात की। इससे पहले उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह से भी उनके आवास पर चर्चा की। वहीं लोकसभा में कांग्रेस ने अपने सांसदों को अगले तीन दिनों तक सदन में मौजूद रहने के लिए व्हिप जारी किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा पहुंच गए हैं, जहां उनका इथियोपियाई नेशनल पैलेस में औपचारिक स्वागत किया गया। पीएम मोदी ने भारत–जॉर्डन संबंधों को ऐतिहासिक विश्वास और भविष्य के आर्थिक अवसरों का संगम बताया।

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण और मौसम का असर दिख रहा है। घने कोहरे और धुंध के कारण दिल्ली में 130 से अधिक फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ी हैं। वहीं 18 दिसंबर से राजधानी में बिना PUC प्रमाणपत्र के पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा। प्रदूषण को लेकर पंजाब के किसानों को जिम्मेदार ठहराने पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आपत्ति जताई है।

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता मिली है। यहां 34 नक्सलियों ने सरेंडर किया है, जिनमें से 26 पर कुल 84 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वहीं वाराणसी से 50 हजार का इनामी नक्सली भी गिरफ्तार किया गया है, जो पिछले 13 साल से फरार था।

खेल जगत की खबरों में IPL ऑक्शन 2026 में बड़ा रिकॉर्ड बना है। प्रशांत वीर IPL इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी बने, जिन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा। इसके अलावा वेंकटेश अय्यर को RCB ने 7 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा।

कानूनी मोर्चे पर नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी और राहुल गांधी को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बड़ी राहत मिली है, जबकि मामले में फैसले को लेकर दिनभर हलचल बनी रही। दूसरी ओर नीरव मोदी ने भारत प्रत्यर्पण पर रोक लगाने के लिए UK कोर्ट में नई याचिका दायर की है।

अपराध और हादसों की खबरों में दिल्ली के जाफराबाद में दो भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जहां करीब 40 राउंड फायरिंग हुई। मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के कारण कई वाहन आपस में टकरा गए, जिससे आग लगने और कई लोगों की मौत की खबर है। वहीं पाकिस्तान के कराची और बलूचिस्तान में 5 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया।

देश-दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *