दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह घने कोहरे और जहरीली धुंध ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। राजधानी और आसपास के इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ और वाहन रेंगते नजर आए। हवाई यातायात पर भी असर पड़ने की आशंका है। पालम इलाके में विजिबिलिटी घटकर करीब 50 मीटर तक पहुंच गई।
कम दृश्यता को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने बताया कि मौसम में बदलाव और कम विजिबिलिटी के कारण फ्लाइट ऑपरेशन में देरी हो सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें। इंडिगो ने कहा कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उड़ानों का संचालन किया जाएगा।
वहीं, वायु प्रदूषण की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट द्वारा GRAP स्टेज-IV लागू होने के बावजूद प्रदूषण स्तर में खास सुधार नहीं दिखा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली का औसत AQI 454 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद गंभीर’ श्रेणी में आता है।
दिल्ली के कई इलाकों में AQI खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। जहांगीरपुरी में AQI 500 दर्ज किया गया, जबकि आनंद विहार, बवाना, द्वारका, आईटीओ, नरेला और मुंडका समेत कई इलाकों में भी हवा बेहद खराब रही। एनसीआर के शहरों में नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में भी प्रदूषण गंभीर श्रेणी में बना हुआ है।
घने कोहरे और खराब हवा के चलते प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने और अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।







