प्रयागराज में इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंह के भतीजे, पत्रकार लक्ष्मी नारायण सिंह की चापड़ मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी विशाल को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पुराने विवाद के कारण हत्या हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंह के चचेरे भतीजे 54 वर्षीय पत्रकार लक्ष्मी नारायण सिंह उर्फ पप्पू की चापड़ मारकर हत्या कर दी गई। गुरुवार रात सिविल लाइंस में पत्थर गिरिजाघर के पास हुई वारदात से सनसनी फैल गई।
पुलिस ने कुछ ही देर में आरोपित विशाल की घेरेबंदी तो उसने फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपित को चार गोली लगी। उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एक दिन पहले पप्पू के दोस्त साहिल की मां से विशाल का किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। तब पप्पू ने साथी साहिल का पक्ष लेते हुए बीच बचाव किया था। इसी विवाद को हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा है
पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के बमरौली पोंगहट पुल के पास रहने वाले लक्ष्मी नारायण सिंह पहले डिस केबल चलाते थे। वर्तमान में वह एक न्यूज चैनल और पोर्टल के लिए काम कर रहे थे। बताया गया है कि गुरुवार रात वह सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पत्थर गिरिजाघर के पास किसी काम से गए थे।
आरोप है कि इसी दौरान विशाल से पुराने विवाद को लेकर झगड़ा हुआ। तब विशाल ने चापड़ से कई बार वार करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। खबर पाकर पहुंची सिविल लाइंस पुलिस जख्मी पप्पू को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल लेकर पहुंची। वहां इलाज के दौरान मौत हो गई।








