गरबा हिंसा के बाद बुलडोजर एक्शन, कानपुर में 190 अवैध दुकानों पर चला प्रशासन का हथौड़ा

SHARE:

उत्तर प्रदेश के कानपुर में नवरात्रि के दौरान हुए गरबा कार्यक्रम पर पथराव के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार सुबह से ही प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में 190 अवैध दुकानों और कब्जों पर बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया।

मामला बहियाल गांव का है, जहां ‘आई लव मुहम्मद’ लिखे बैनर सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे थे। इसी बीच एक हिंदू युवक ने इस पोस्ट पर टिप्पणी कर दी, जिसके बाद गांव के कुछ लोगों ने भड़ककर उस युवक की दुकान और आसपास की दुकानों में तोड़फोड़ व आगजनी कर दी। बाद में उपद्रवी गरबा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और वहां पथराव किया, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।

इस घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया और 190 अवैध कब्जेदारों को नोटिस जारी किए गए थे। उन्हें निर्माण संबंधी दस्तावेज दो दिन के भीतर प्रस्तुत करने को कहा गया था, लेकिन समय सीमा समाप्त होने पर प्रशासन ने गुरुवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।

एसपी रवि तेजा वासमशेट्टी ने बताया कि “बहियाल गांव में चल रहे तोड़फोड़ अभियान के दौरान 186 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम, पंचायत अधिकारी और करीब 300 पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं।”

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने गरबा कार्यक्रम में पथराव किया था, उनकी संपत्तियों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ बुलडोजर एक्शन लिया जा रहा है।

वहीं, पुलिस ने हिंसा के मामले में 83 लोगों को नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अब तक 66 से ज्यादा संदिग्ध गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था कायम रहे।

 

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *