दिल्ली पुलिस आयुक्त: कौन हैं एसबीके सिंह? जिन्हें मिली दिल्ली पुलिस की कमान

SHARE:

दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा 31 जुलाई (गुरुवार) को अपने पद से सेवानिवृत्त हो गए। पिछले कुछ हफ्तों से उनके सेवा विस्तार की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन अब यह स्पष्ट हो गया है कि उन्होंने तय समय पर कार्यमुक्ति ले ली है। उनकी सेवानिवृत्ति के साथ ही गृह मंत्रालय ने दिल्ली होम गार्ड के महानिदेशक एसबीके सिंह को दिल्ली पुलिस कमिश्नर का एडिशनल चार्ज सौंप दिया है।

 कौन हैं एसबीके सिंह?”

एसबीके सिंह बिहार के मूल निवासी हैं और एक सीनियर आईपीएस अधिकारी हैं। वह AGMUT कैडर से आते हैं और वर्तमान में दिल्ली होम गार्ड्स के डीजी के पद पर कार्यरत थे।
इससे पहले वे दिल्ली पुलिस में स्पेशल कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) जैसे अहम पदों पर भी रह चुके हैं। पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उनका अनुभव लगभग तीन दशकों से भी अधिक का है।

पदभार ग्रहण: आज शाम 4 बजे

सूत्रों के मुताबिक, एसबीके सिंह आज शाम 4 बजे औपचारिक रूप से दिल्ली पुलिस आयुक्त का पदभार ग्रहण करेंगे।
इस दौरान दिल्ली पुलिस मुख्यालय में सीमित उपस्थिति के बीच उनका स्वागत किया जाएगा।

सेवा निवृत्ति में हैं 5 महीने शेष, मिल सकता है विस्तार

दिलचस्प बात यह है कि एसबीके सिंह की सेवा निवृत्ति में अभी लगभग 5 महीने शेष हैं। ऐसे में अटकलें हैं कि उन्हें गृह मंत्रालय द्वारा फुल फ्लेज्ड कमिश्नर का चार्ज देकर 1 से 2 साल का सेवा विस्तार भी दिया जा सकता है।
यह भी गौर करने वाली बात है कि चार साल बाद किसी यूटी कैडर के आईपीएस अधिकारी को फिर से दिल्ली पुलिस का नेतृत्व सौंपा गया है।

 संजय अरोड़ा का कार्यकाल और विदाई समारोह

संजय अरोड़ा, जो तमिलनाडु कैडर से आए थे, ने अपने कार्यकाल में दिल्ली पुलिस को तकनीकी, प्रशासनिक और मानव संसाधन स्तर पर कई बदलावों से गुजरते देखा।
उनके नेतृत्व में दिल्ली पुलिस ने G20 समिट, चुनाव, सांप्रदायिक घटनाएं और साइबर अपराध जैसे मोर्चों पर मजबूत कार्रवाई की।

31 जुलाई को उनका विदाई समारोह न्यू पुलिस लाइंस, किंग्सवे कैंप में आयोजित हुआ, जिसमें दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों, रैंक अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया।
उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और विभाग की ओर से औपचारिक विदाई दी गई।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *