देश के कई राज्यों में मानसून ने दस्तक दे रही है। दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार शाम धूल भरी आंधी चली। वहीं, कुछ घंटों में तेज बारिश की भी अलर्ट जारी की गई है। मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR सहित अन्य उत्तर भारत के राज्यों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है।
पंजाब और हरियाणा में गरज के साथ ही भारी बारिश
अगले तीन दिन तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए येलो और शुक्रवार के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। IMD के वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने कहा, “देश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र – पंजाब और हरियाणा में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि सहित ऑरेंज अलर्ट
जम्मू-कश्मीर में भी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि सहित ऑरेंज अलर्ट है। खासकर दिल्ली में आज गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना है और कल हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है।
केरल के विभिन्न हिस्सों में पेड़ उखड़ गए. भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण बुधवार को केरल के विभिन्न हिस्सों में पेड़ उखड़ गए, निचले इलाकों में जलभराव की समस्या से लोगों को दो-चार होना पड़ा और नदी के किनारे के इलाकों में बाढ़ आ गई। वायनाड जैसे कई पहाड़ी इलाकों में लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया। कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए, बिजली सेवा बुरी तरह प्रभावित हुई और फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
11 जिलों में हुआ आरेंज अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार के लिए तीन जिलों – इडुक्की, कन्नूर और कासरगोड के लिए रेड अलर्ट और शेष 11 जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। वायनाड जिलों में कबानी – में जल-स्तर लगातार बढ़ रहा केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि भारी बारिश के कारण राज्य की विभिन्न नदियों – पथनमथिट्टा में मणिमाला और अचनकोविल, कोट्टायम में मीनाचिल, कोझीकोड में कोरापुझा और वायनाड जिलों में कबानी – में जल-स्तर लगातार बढ़ रहा है। इन नदियों के किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 40 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।
केरल के छह जिलों में आरेंज अलर्ट
भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र ने तटीय क्षेत्रों में मछुआरों और अन्य लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है क्योंकि शुक्रवार रात 8.30 बजे तक केरल के तटों पर 1.2 से 3.7 मीटर की ऊंची लहरें आने की संभावना है। गुरुवार को भी मौसम विभाग ने पथानामथिट्टा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, इडुक्की, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में रेड अलर्ट और शेष छह जिलों में आरेंज अलर्ट जारी किया था.




