आज फिर बिगड़ेगा मौसम!: आंधी के साथ दिल्ली-NCR में बरसेंगे बदरा, हवा की रफ्तार होगी इतनी; यलो अलर्ट जारी

SHARE:

दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर में आज फिर मौसम बिगड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने आज के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। साथ में तेज हवाएं चलने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई वहीं, दूसरी तरफ इसके साथ आई तेज आंधी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। दिल्ली-एनसीआर में आज फिर मौसम बिगड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने आज के लिए बारिश और 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की संभावना जताई है। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मई का महीना बिना लू वाले दिनों के हो सकता है समाप्त

दिल्ली में इस साल मई का महीना बिना लू वाले दिनों के समाप्त हो सकता है। इस साल मई में अब तक एक दिन भी लू नहीं चली है, आगे भी संभावना नहीं है। जबकि मई के महीने में सूरज आग बरसाता है और लू की स्थिति बनती है। वर्ष 2024 में मई के महीने में छ: दिन लू वाले रहे थे। 26 से 31 मई तक तापमान 45 और 46 डिग्री के बीच रहा था। जबकि इस साल 16 मई को ही तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 21 मई से तापमान में कमी देखी जा रही है। हालांकि वर्ष 2023 में एक भी दिन लू नहीं चली और वर्ष 2022 में दो दिन लू वाले थे, वर्ष 2021 में एक भी दिन लू नहीं चली।

अगले सप्ताह प्री मानसून गतिविधियों के बढ़ने की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 24 को हल्की बारिश व तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इस कारण शनिवार को तापमान 37-38 डिग्री के बीच बना रहेगा। 25 व 26 मई को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और 27 व 28 को हल्की बारिश होने व तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 29 मई को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान तापमान में ज्यादा उछाल की संभावना नहीं है। तापमान 37-40 डिग्री के बीच बना रहेगा। अगले सप्ताह प्री मानसून गतिविधियों के बढऩे की संभावना है। वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस कम 37.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री कम दर्ज हुआ। आसमान में बादल छाए रहे और हवाएं चलती रही।

तय समय से आठ दिन पहले केरल पहुंचा मानसून

केरल में मानसून ने दस्तक दे दी है। यह अपने तय समय से करीब एक सप्ताह पहले चल रहा है। इस साल केरल में मानसून का आगमन पिछले 16 वर्षों में सबसे जल्दी हुआ है। राज्य में मानसून के आगमन के लिए सभी अनुकूल परिस्थितियां तैयार हो गई थीं। पिछले दो दिनों में केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। यह कम दबाव वाले क्षेत्र और आगे बढ़ते मानसून सिस्टम के संयोजन के कारण हो रहा है। पिछली बार राज्य में मानसून इतनी जल्दी 2009 और 2001 में पहुंचा था। तब यह 23 मई को राज्य में पहुंचा था।

आमतौर पर मानसून केरल में 1 जून को दस्तक देता है। हालांकि, सबसे पहले 1918 में 11 मई को मानसून ने केरल में दस्तक दे दी थी। देरी से मानसून के आने का रिकॉर्ड 1972 में था, जब मानसूनी बारिश 18 जून से शुरू हुई थी। पिछले 25 वर्षों में सबसे देरी से मानसून का आगमन 2016 में हुआ था, जब मानसून ने 9 जून को केरल में प्रवेश किया था।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *