होर्मुज में UAE के तेल टैंकरों पर हमला, एक भारतीय नाविक की मौत; 8 अन्य घायल

SHARE:

होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यूएई के झंडे वाले दो तेल टैंकरों पर हुए मिसाइल हमले में एक भारतीय चालक दल के सदस्य की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मंत्रालय के मुताबिक, ओमान के जलक्षेत्र में दक्षिणी समुद्री मार्ग से गुजर रहे मोम्बासा और बाहिया नामक टैंकरों को निशाना बनाया गया। हमले के बाद दोनों जहाजों में आग लग गई, हालांकि राहत टीमों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया और बड़ा हादसा टल गया।

घायलों में छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। भारतीय नागरिक की मौत की खबर से समुद्री क्षेत्र में काम कर रहे भारतीयों के बीच भी चिंता बढ़ गई है।

यूएई सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया है। सरकार ने कहा कि देश अपनी संप्रभुता, नागरिकों और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाने का अधिकार रखता है। रक्षा मंत्रालय ने यह भी जानकारी दी कि यूएई की सशस्त्र सेनाएं हाई अलर्ट पर हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब ईरान ने दावा किया था कि उसके रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे कुछ जहाजों को नियमों के कथित उल्लंघन पर चेतावनी दी थी। ईरानी मीडिया के अनुसार, इन जहाजों को रोकने के लिए चेतावनी स्वरूप फायरिंग भी की गई थी।

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक माना जाता है। ऐसे में इस तरह की घटनाओं से न केवल क्षेत्रीय सुरक्षा बल्कि वैश्विक तेल आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर भी असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।

यह भी पढे

20 जुलाई से फिर रफ्तार पकड़ेगा मानसून, यूपी-बिहार समेत 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट https://kinnitimes.com/?p=31210

Kinni Times
Author: Kinni Times