वेनेज़ुएला की राजधानी कराकास में बुधवार शाम कुछ ही सेकंड के अंतराल पर आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी। पहला झटका 7.2 तीव्रता का दर्ज किया गया, जबकि इसके तुरंत बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा भूकंप आया। भूकंप के बाद कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है, कुछ इमारतें ढह गई हैं और हजारों लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए।
सरकार ने प्रभावित इलाकों में आपातकालीन राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। गृह मंत्री डियोसदादो काबेलो ने नागरिकों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि कराकास समेत देश के कई राज्यों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के शुरुआती आकलन के अनुसार, इस आपदा में बड़े पैमाने पर जनहानि होने की आशंका है। प्रारंभिक अनुमानों में मृतकों की संख्या 10 हजार से अधिक होने की संभावना जताई गई है, हालांकि आधिकारिक आंकड़ों का इंतजार किया जा रहा है।
भूकंप के समय देश में राष्ट्रीय अवकाश होने के कारण बड़ी संख्या में लोग अपने घरों में मौजूद थे, जिससे नुकसान बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। कराकास के पालोस ग्रांदेस और अल्तामीरा इलाके सबसे अधिक प्रभावित बताए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई इमारतों में दरारें, ढही हुई संरचनाएं और सड़कों पर जमा लोगों की भीड़ देखी जा सकती है। आफ्टरशॉक्स के डर से हजारों लोग अभी भी खुले स्थानों में रहने को मजबूर हैं।
भूकंप के झटके पड़ोसी देश कोलंबिया की राजधानी बोगोटा तक महसूस किए गए। राहत एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन करने में जुटी हैं, जबकि वास्तविक क्षति और हताहतों की संख्या का पता आने वाले समय में ही चल सकेगा।
यह भी पढे
देश-दुनिया की बड़ी खबरें 25 जून 2026 https://kinnitimes.com/?p=30600
देश-दुनिया में आज कई बड़ी घटनाएं सुर्खियों में रहीं। https://www.facebook.com/share/p/193Dz9cN8f/








