दुनिया और देश में आज कई बड़ी घटनाएँ सामने आईं। अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर ईरान-इजरायल तनाव लगातार बढ़ता दिखाई दिया। इजरायली एयर फोर्स ने ईरान में कई ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हमले किए, वहीं ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक अमेरिकी टैंकर को निशाना बनाया। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य फिलहाल बंद ही रहेगा और बच्चों की मौत का बदला लिया जाएगा। इस तनाव के बीच भारत सरकार ने बताया कि ईरान में मौजूद करीब 9 हजार भारतीयों में से कई लोग एडवाइजरी के बाद स्वदेश लौट चुके हैं।
उधर अमेरिका ने पाकिस्तान के पेशावर स्थित अपने कॉन्सुलेट को स्थायी रूप से बंद करने का फैसला किया है। वहीं दुनिया के सबसे बड़े युद्धपोत USS Gerald में आग लगने की खबर भी सामने आई है।
भारत में संसद के अंदर भी आज जोरदार हलचल रही। लोकसभा में LPG आपूर्ति और ईरान युद्ध को लेकर चर्चा हुई। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि देश में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में करीब 20% समुद्री आवाजाही प्रभावित हुई है, लेकिन भारत अलग-अलग देशों से LNG कार्गो मंगाकर स्थिति संभाल रहा है। इस दौरान विपक्ष ने हंगामा किया और TMC सांसदों ने बर्तन बजाकर विरोध जताया, जबकि राहुल गांधी द्वारा एपस्टीन फाइल्स का मुद्दा उठाने पर सदन में तीखी नोकझोंक हुई।
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल से दो दिवसीय असम दौरे पर रहेंगे, जहां वे लगभग 47,800 करोड़ रुपये के विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। वहीं दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 23 मार्च से तीन दिन तक चलेगा।
रक्षा और सुरक्षा से जुड़ी खबरों में भारतीय वायुसेना प्रमुख ने पश्चिमी मोर्चे के एक फॉरवर्ड एयरबेस से MiG-29 में उड़ान भरकर तैयारियों का जायजा लिया। जम्मू में BSF और पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में ड्रोन के जरिए गिराई गई 2 किलो हेरोइन बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
अन्य घटनाओं में सुप्रीम कोर्ट ने सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के दो आरोपियों को जमानत दे दी है। वहीं इंडियन आर्मी ने ऑपरेशन सागर बंधु के तहत श्रीलंका में एक ब्रिज प्रोजेक्ट शुरू किया है।
एविएशन सेक्टर से राहत भरी खबर यह है कि भारतीय एयरलाइंस ने रियाद के लिए उड़ानें फिर से शुरू कर दी हैं। दूसरी ओर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक बयान में कहा कि उनके लिए पाकिस्तान जाना सबसे बड़ा गुनाह होगा।







