देशभर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और इसके साथ ही कई राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का दौर शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के लिए भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ घंटों में उत्तर और पूर्वी भारत के कई इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है। कहीं मूसलाधार बारिश होगी तो कहीं 70 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए किसानों, मछुआरों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी और झमाझम बारिश के आसार
दिल्ली और आसपास के इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ भारी बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और कई जगह जलभराव व ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है।
यूपी और बिहार में भी हाई अलर्ट
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, झांसी और मथुरा समेत कई जिलों में तेज आंधी और भारी बारिश का अनुमान है। वहीं बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया सहित कई क्षेत्रों में भी तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश का कहर
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और नदियों के जलस्तर बढ़ने की आशंका के चलते स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
इन राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना
झारखंड, पश्चिम बंगाल, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, कोंकण, सिक्किम और केरल के कई हिस्सों में भी भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। पूर्वोत्तर राज्यों—असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा—में भी लगातार बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मछुआरों और किसानों के लिए विशेष सलाह
मौसम विभाग ने समुद्र में ऊंची लहरों और खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। किसानों से भी बिजली चमकने और तेज हवाओं के दौरान खेतों में काम न करने की अपील की गई है।
ओडिशा तट पर 20 मछुआरों को बचाया गया
खराब मौसम के बीच ओडिशा तट के पास इंजन खराब होने से समुद्र में फंसे आंध्र प्रदेश के 20 मछुआरों को सुरक्षित बचा लिया गया। सभी को पारादीप बंदरगाह पहुंचाया गया है। वहीं विशाखापत्तनम तट से लापता सात मछुआरों में से एक को भारतीय नौसेना ने सुरक्षित बचा लिया है, जबकि बाकी छह की तलाश अभी भी जारी है।
यह भी पढे
भारत की हार और गुरुग्राम में बारिश का अलर्ट https://kinnitimes.com/?p=31012








