पहलगाम हमले में आरोपी मोहम्मद एकलाख की गिरफ्तारी के बाद एनआईए ने कटिहार जिले के सेमापुर इलाके में छापेमारी की। चेन्नई से पकड़ा गया एकलाख मूल रूप से सेमापुर का रहने वाला है और राजमिस्त्री का काम करता था। जांच में उसके मोबाइल चैट से पाकिस्तान से संपर्क के सबूत भी सामने आए हैं। इसके आधार पर एनआईए ने इकबाल को हिरासत में लिया और मुबारक व नूर हासिम के घरों पर भी तलाशी अभियान चलाया।
दुर्गापुर में छापेमारी
पहलगाम हमले में आरोपी बताए जा रहे मोहम्मद एकलाख की गिरफ्तारी के बाद एनआईए ने सोमवार को कटिहार जिले के सेमापुर ओपी क्षेत्र स्थित बालू घाट दुर्गापुर में छापेमारी की। एकलाख मूल रूप से इसी इलाके का रहने वाला है और लंबे समय से चेन्नई में राजमिस्त्री का काम कर रहा था।
NIA को मिले सुराग
मो. एकलाख से हुई पूछताछ और उसके मोबाइल से मिले सुरागों के आधार पर एनआईए की टीम कटिहार के बालू घाट दुर्गापुर पहुंची। यहां मो. इकबाल के घर पर छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया गया। इकबाल की निशानदेही पर टीम ने उसके पड़ोसियों मोहम्मद मुबारक और नूर हासिम के घरों में भी तलाशी ली। फिलहाल मामले से जुड़े और विवरण का इंतजार है।



