राजधानी दिल्ली के साकेत इलाके में शनिवार शाम एक इमारत ढहने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में दो मेडिकल छात्रों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य छात्र घायल हो गए। हादसे के समय इमारत में फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट्स (FMG) और NEET-PG की तैयारी कर रहे छात्र मौजूद थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, अब तक 9 से 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं कई लोगों के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है, लेकिन रेस्क्यू टीम को अंदर जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट्स संगठन के अध्यक्ष डॉ. जसवंत ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हो चुकी है। दो घायलों का इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि मौके पर पर्याप्त संसाधनों और भारी मशीनों की कमी महसूस की जा रही है, जिससे बचाव कार्य प्रभावित हो रहा है।
घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया। मृतकों और घायलों को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि जिस इमारत में हादसा हुआ, वहां कोचिंग सेंटर, पीजी, कैफे और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होती थीं।
वीकेंड और शाम का समय होने के कारण इमारत में सामान्य दिनों की तुलना में कम लोग मौजूद थे, वरना हादसा और भी भयावह हो सकता था। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है और राहत-बचाव कार्य तेजी से जारी है।
यह भी पढे
80KM/H की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं https://kinnitimes.com/?p=30130
इन राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट https://www.facebook.com/share/p/1Do5ZgURxH/








