🔴 शेख़ हसीना को मौत की सज़ा पर बांग्लादेश में सियासी तूफान
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को सुनाई गई मौत की सज़ा के फैसले को उनकी पार्टी आवामी लीग ने सख्त शब्दों में खारिज कर दिया है। पार्टी का कहना है कि यह फैसला “दुर्भावनापूर्ण और राजनीतिक बदले की भावना” से प्रेरित है। फैसले के बाद ढाका में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए और पुलिस को प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करना पड़ा।
इसी बीच देश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने कहा है कि चाहे कोई कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, कानून से ऊपर नहीं है।
बांग्लादेश सरकार ने भारत से शेख़ हसीना और पूर्व गृह मंत्री असदुज्जमां ख़ान कमाल के प्रत्यर्पण की औपचारिक मांग भी कर दी है।
🔴 पुतिन की भारत यात्रा से पहले कूटनीतिक हलचल
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे से पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मॉस्को में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय रिश्तों, वैश्विक मुद्दों और रणनीतिक साझेदारी पर विस्तृत चर्चा हुई।
🔴 सऊदी अरब में बड़ा हादसा – 45 भारतीयों की मौत
सऊदी अरब के मदीना में एक भीषण बस दुर्घटना में 45 भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी लोग उमरा करने गए थे। हादसे के बाद भारतीय मिशन स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत कार्यों में जुटा हुआ है।







