देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। India Meteorological Department (IMD) ने 22 से 24 फरवरी के बीच कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान बढ़ने के संकेत हैं।
इन 10 राज्यों में बारिश की संभावना
IMD के अनुसार जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में अलग-अलग दिनों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 22-23 फरवरी को हल्की बारिश या बर्फबारी संभव है।
उत्तराखंड में 22 से 24 फरवरी तक बारिश के आसार हैं।
छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 23-24 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की चेतावनी है।
विदर्भ क्षेत्र में भी 23 फरवरी को मौसम बदल सकता है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का खतरा
दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव क्षेत्र के कारण दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल में 21-22 फरवरी को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
कर्नाटक के तटीय और आंतरिक इलाकों में 22 से 24 फरवरी तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।
उत्तर भारत में ठंड ढीली, गर्मी की दस्तक
उत्तर-पश्चिम भारत में अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। राजस्थान और उत्तर प्रदेश में पारा 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘खराब’ श्रेणी में बना हुआ है। न्यूनतम तापमान 12-15 डिग्री और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।








