देशभर में मौसम का कहर: कहीं बारिश, कहीं बर्फबारी, फसलें बर्बाद और नदियां उफान पर

SHARE:

देश के कई हिस्सों में मानसून की वापसी के बाद नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिससे बारिश और बर्फबारी ने तबाही मचा दी है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश ने फसलों को नुकसान पहुंचाया है। वहीं, उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ों पर सीजन की पहली बर्फबारी ने ठंड की दस्तक दे दी है।

उत्तर भारत में बारिश से हाहाकार

दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई, वहीं गन्ना और आलू की फसल को भी नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ ओले और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।

स्काईमेट वेदर के विशेषज्ञ महेश पलावत के अनुसार, इस बदलाव की दो मुख्य वजहें हैं —

1. अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी भरी हवाओं का टकराव।

2. सेंट्रल पाकिस्तान और पंजाब की ओर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, जिसने बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी को जन्म दिया है।

 

उत्तर प्रदेश और दिल्ली में मौसम का असर

दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में रविवार रात से बारिश जारी है। मुरादाबाद, रामपुर, संभल और बिजनौर में ओले और वज्रपात के मामले सामने आए हैं। मुरादाबाद में खेत में काम कर रही महिला समेत दो लोगों की बिजली गिरने से मौत हो गई।

बिहार में नदियां उफान पर, कई गांव जलमग्न

बिहार में कोसी, कमला बलान और जीवछ नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। कोसी नदी खगड़िया में खतरे के निशान से 35 सेमी ऊपर बह रही है। कई इलाकों में तटबंध टूटने से बाढ़ का पानी गांवों में घुस गया है।मधुबनी, बेतिया, सीतामढ़ी और दरभंगा जिलों में बाढ़ से हजारों लोग प्रभावित हैं।अब तक करीब 1.5 लाख से अधिक आबादी प्रभावित हुई है, जबकि हजारों एकड़ फसल डूब गई है।

उत्तराखंड और हिमालयी क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी

उत्तराखंड में बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की चोटियां बर्फ से ढक गई हैं। हेमकुंड साहिब में करीब आधा फीट बर्फ गिरी है। हिमाचल प्रदेश में तापमान में 19 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। रोहतांग दर्रा बंद कर दिया गया है, जबकि गुलमर्ग और श्रीनगर में बारिश और बर्फबारी दोनों जारी हैं।

फसलों और जनजीवन पर असर

पंजाब में धान की कटाई पर असर पड़ा है और मंडियों में रखी फसल भीग गई है।

राजस्थान में चित्तौड़गढ़ के भैंसरोडगढ़ में 100 मिमी और हनुमानगढ़ में 67 मिमी बारिश दर्ज की गई।

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से वाहन आवागमन प्रभावित हुआ है।

वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन की खबर भी आई है, हालांकि उस समय यात्रा स्थगित थी।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत के कई हिस्सों में वर्षा और ठंड का प्रभाव जारी रहेगा।

 

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *