राजधानी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर अपनी मां, बहन और भाई की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान यशवीर सिंह के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ लक्ष्मी नगर इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस को दी गई शुरुआती जानकारी में आरोपी ने आर्थिक तंगी को इस खौफनाक कदम की वजह बताया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां घर के अंदर मां कविता (46 वर्ष), बहन मेघना (24 वर्ष) और भाई मुकुल (14 वर्ष) के शव बरामद किए गए। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पहले लड्डू खिलाकर तीनों को बेहोश किया और फिर कथित तौर पर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
बताया जा रहा है कि पूरा परिवार मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है। आरोपी के पिता किसान हैं और गांव में ही रहते हैं। यशवीर पहले ट्रक ड्राइवर था, लेकिन पिछले करीब छह महीने से बेरोजगार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक वह पहले आत्महत्या का प्रयास भी कर चुका है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर आर्थिक तंगी को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही असली कारण साफ हो पाएगा।








