दिल्ली में घना कोहरा: IGI पर 220 उड़ानें लेट, 40 रद्द; कई विमान डायवर्ट, यात्री बेहाल

SHARE:

राजधानी दिल्ली में घने कोहरे ने हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह से शाम तक हालात बेहद खराब रहे। सुबह 6 बजे तक 220 से ज्यादा उड़ानें देरी से चलीं, जबकि 40 से अधिक फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं। खराब दृश्यता के कारण 10 विमानों को जयपुर, अहमदाबाद और लखनऊ की ओर डायवर्ट किया गया।

तड़के 4 बजे से 9 बजे के बीच रनवे पर विजिबिलिटी शून्य से 50 मीटर के बीच दर्ज की गई, जिससे उड़ानों का संचालन लगभग ठप हो गया। दोपहर बाद धूप निकलने पर दृश्यता 500 से 800 मीटर तक पहुंची, लेकिन सुबह के भारी बैकलॉग के चलते रनवे पर विमानों की लंबी कतार लग गई। कई उड़ानों को टेकऑफ के लिए 3 से 4 घंटे तक इंतजार करना पड़ा।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने यात्रियों के लिए एडवायजरी जारी कर सलाह दी है कि एयरपोर्ट आने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस एयरलाइन से जरूर जांच लें। उत्तर भारत के कई हवाई अड्डों पर घने कोहरे के कारण परिचालन प्रभावित होने की बात कही गई है।

इस बीच नए FDTP (फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन) नियम भी रद्द उड़ानों की बड़ी वजह बने। क्रू मेंबर्स की ड्यूटी समय सीमा खत्म होने और कनेक्टिंग विमानों के समय पर न पहुंच पाने से कई उड़ानें आखिरी समय में रद्द करनी पड़ीं। टर्मिनल 1 और टर्मिनल 3 पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई।

एयरपोर्ट पर CAT-III सिस्टम के जरिए संचालन जारी रखने की कोशिशें की गईं, लेकिन मौसम की मार के आगे व्यवस्थाएं भी सीमित नजर आईं। इंडिगो, एयर इंडिया और स्पाइसजेट समेत कई एयरलाइंस ने सोशल मीडिया के जरिए यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि उड़ानों का शेड्यूल पूरी तरह सामान्य होने में देर रात तक का समय लग सकता है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *