नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आज रात से पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम के बिगड़ने की संभावना जताई जा रही है। इसे लेकर दिल्ली सरकार ने अलर्ट जारी किया है। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा की रफ्तार धीमी हो सकती है, जिससे प्रदूषण का स्तर और बढ़ने की आशंका है।
मंत्री सिरसा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए कहा कि दिल्ली में पहले से ही GRAP-4 लागू है, इसके बावजूद कई इलाकों में निर्माण कार्य जारी रहने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने साफ कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सरकार ने चेतावनी दी है कि यदि इस दौरान कहीं भी निर्माण कार्य चलता पाया गया तो संबंधित इमारतों पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसके साथ ही जूनियर इंजीनियर और एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को भी जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को राजधानी में हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच सकती है, जिससे लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है।
पर्यावरण मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि दिल्ली में किसी भी तरह की प्रदूषण फैलाने वाली इंडस्ट्री को चलने की इजाजत नहीं दी जाएगी, चाहे वह अधिकृत क्षेत्र में हो या अवैध रूप से संचालित हो रही हो। सरकार द्वारा किए गए सर्वे के आधार पर कल से ऐसी फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जाएगी और उन्हें सील किया जाएगा।
मंत्री सिरसा ने दिल्लीवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शहर की हवा को साफ और सुरक्षित बनाना सरकार और जनता की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से नियमों का पालन करने, निर्माण कार्य रोकने, प्रदूषण नियंत्रण उपाय अपनाने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की अपील की।







