दिल्लीवासियों को आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी में अगले चार दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इसके साथ ही सोमवार के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
गुरुवार को हुई झमाझम बारिश के बाद शुक्रवार को आसमान में बादल तो रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। हालांकि गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को तापमान करीब दो डिग्री कम दर्ज किया गया। राजधानी का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और न्यूनतम 23.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 63 से 100 प्रतिशत तक रहा।
IMD के मुताबिक, शनिवार को मौसम शुष्क रहेगा। आंशिक बादल छाए रहेंगे और धूप भी देखने को मिलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री रहने का अनुमान है।
रविवार से मंगलवार तक फिर से बारिश का दौर शुरू होगा। खासकर सोमवार को तेज बारिश की संभावना है, जिसके चलते मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान में भी गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
बारिश और तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण दिल्ली के लोगों को आने वाले दिनों में बदलते मौसम के लिए तैयार रहना होगा।







