राजधानी दिल्ली में सोमवार को घने धुंध और प्रदूषण ने लोगों को बेहाल कर दिया। हालात इतने खराब हो गए कि सुबह तो AQI 345 दर्ज किया गया, लेकिन दोपहर के बाद केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की वेबसाइट और SAMEER ऐप से वायु गुणवत्ता का डेटा अचानक गायब हो गया।
दिनभर हवा की गुणवत्ता बिगड़ती रही, मगर CPCB ने कोई नया अपडेट जारी नहीं किया। न तो हर घंटे का AQI उपलब्ध था और न ही शहर का दैनिक औसत। इससे नागरिकों और पर्यावरण विशेषज्ञों के बीच सवाल उठने लगे कि आखिर डेटा रुकने की वजह क्या है।
आईक्यू एयर (IQAir) की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता सोमवार को ‘खतरनाक’ श्रेणी में पहुंच गई थी। इसके बावजूद आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
दिल्ली में कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम रही और लोगों को सुबह-सुबह आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विशेषज्ञों का कहना है कि इस स्तर का प्रदूषण स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और श्वसन रोगियों के लिए।








