राजधानी दिल्ली के साकेत इलाके के सैदुलअजाइब क्षेत्र में शनिवार शाम एक मकान अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। वहीं पुलिस और अन्य आपातकालीन एजेंसियों को भी तत्काल सूचना दी गई।
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, शाम करीब 7:44 बजे मकान गिरने की कॉल प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके के लिए रवाना कर दी गईं। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटा हुआ है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और राहत कार्य जारी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी।








