राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का संकट थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार सुबह दिल्ली ने एक बार फिर जहरीली हवा के साथ दिन की शुरुआत की। शहर का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 349 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। हालात इतने बिगड़े हुए हैं कि राजधानी के 70 प्रतिशत से ज्यादा मॉनिटरिंग स्टेशन ‘गंभीर’ श्रेणी में रिकॉर्ड किए गए।
एनसीआर की बात करें तो नोएडा में AQI 361 और ग्रेटर नोएडा में 348 रहा। हालांकि मंगलवार की तुलना में प्रदूषण में हल्की गिरावट जरूर आई है, लेकिन हवा अब भी सांस लेने लायक नहीं कही जा सकती।
इंडिया गेट पर जहां गणतंत्र दिवस परेड का पूर्वाभ्यास जारी है, वहीं पूरा शहर धुएं और स्मॉग की मोटी चादर में लिपटा नजर आ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक बुधवार सुबह भी दिल्ली की हवा ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बनी हुई है।
27 दिसंबर तक घना कोहरा बढ़ाएगा परेशानी
मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि 27 दिसंबर तक उत्तर भारत के कई राज्यों में घने से अति घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है, कई ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दिल्ली की हवा क्यों हो रही है जहरीली?
सर्दी के कारण हवा की रफ्तार कम होना
वाहनों से निकलने वाला धुआं
निर्माण कार्यों से उड़ती धूल
कूड़ा और बायोमास जलाना
पड़ोसी राज्यों से पराली का धुआं
स्वास्थ्य के लिए जरूरी सावधानियां
सुबह की सैर और खुले में व्यायाम से बचें
बाहर निकलते समय N95 मास्क जरूर पहनें
घर की खिड़कियां-दरवाजे बंद रखें
एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें
प्रदूषण के मौजूदा हालात बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों के लिए खास तौर पर खतरनाक बने हुए हैं। ऐसे में सतर्कता और सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।







