दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड और घने कोहरे का कहर लगातार जारी है। शीतलहर और कम दृश्यता के चलते जनजीवन के साथ-साथ हवाई और सड़क यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

SHARE:

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 17 दिसंबर को मौसम मुख्य रूप से शुष्क और ठंडा रहा। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है, जबकि मध्य प्रदेश, राजस्थान और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट लागू है। कोहरे के कारण कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई।

दिल्ली-यूपी में घना कोहरा राजधानी दिल्ली में सुबह के समय घना कोहरा और ठंडी हवाएं चलती रहीं। न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, लेकिन ठंड का असर बना हुआ है। मौसम शुष्क है और बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। दक्षिणी उत्तर प्रदेश में भी शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है।

राजस्थान में बढ़ी ठंड राजस्थान के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा, जबकि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई गई है।

कोहरे का असर विमान सेवाओं पर घने कोहरे के चलते दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लगातार दूसरे दिन भी उड़ान सेवाएं प्रभावित रहीं। सोमवार देर रात से मंगलवार तड़के तक 131 उड़ानें रद करनी पड़ीं, जबकि 400 से अधिक उड़ानें विलंबित रहीं। कम दृश्यता के कारण 15 से ज्यादा उड़ानों को जयपुर, लखनऊ और अहमदाबाद जैसे नजदीकी शहरों की ओर डायवर्ट किया गया।

रनवे पर दृश्यता कई बार घटकर 50 मीटर तक पहुंच गई और कुछ समय के लिए यह शून्य के करीब दर्ज की गई।

इंडिगो ने जारी की यात्रा सलाह घने कोहरे को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने उत्तर और पूर्वी भारत के यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने चेतावनी दी है कि कम दृश्यता के कारण उड़ानों में देरी या समय में बदलाव हो सकता है और यात्रियों को अपनी फ्लाइट की स्थिति पहले से जांचने की सलाह दी गई है।

दक्षिण भारत में बारिश की चेतावनी इस बीच दक्षिण भारत के तमिलनाडु और केरल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और कोहरे के समय अनावश्यक सफर से बचने की अपील की है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *