ट्रेन यात्रा आज से महंगी, रेलवे ने लागू की नई किराया दरें

SHARE:

आज से ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को जेब थोड़ी ज्यादा ढीली करनी होगी। रेलवे मंत्रालय ने यात्री ट्रेनों के किराये में बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी कर दी है, जो 26 दिसंबर से प्रभावी हो गई है। यह बढ़ा हुआ किराया केवल उन्हीं टिकटों पर लागू होगा, जो 26 दिसंबर या उसके बाद बुक किए जाएंगे।

रेलवे के अनुसार, 215 किलोमीटर तक की यात्रा करने वाले यात्रियों को कोई अतिरिक्त किराया नहीं देना होगा, खासतौर पर द्वितीय श्रेणी आर्डिनरी ट्रेनों में। हालांकि, 215 किलोमीटर से अधिक की यात्रा पर किराया बढ़ाया गया है। साधारण श्रेणी में प्रति किलोमीटर 1 पैसा और मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की नॉन-एसी तथा सभी एसी श्रेणियों में प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी की गई है।

रेलवे ने दूरी के आधार पर किराया बढ़ोतरी को इस तरह तय किया है—
216 से 750 किमी तक ₹5,
751 से 1250 किमी तक ₹10,
1251 से 1750 किमी तक ₹15,
और 1751 से 2250 किमी तक ₹20 की बढ़ोतरी होगी।

स्लीपर क्लास में भी प्रति किलोमीटर 1 पैसा और एसी क्लास में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी लागू की गई है। यह नियम राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत, तेजस, हमसफर, अमृत भारत, गरीब रथ, जन शताब्दी, अंत्योदय, गतिमान, युवा एक्सप्रेस, नमो भारत रैपिड रेल सहित सभी विशेष ट्रेनों पर भी लागू होगा।

हालांकि यात्रियों को राहत देते हुए रेलवे ने साफ किया है कि रिजर्वेशन शुल्क, सुपरफास्ट चार्ज और जीएसटी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं, उपनगरीय ट्रेनों के सिंगल टिकट और सभी प्रकार के सीजन टिकटों पर भी किराया यथावत रहेगा।

रेलवे मंत्रालय ने बताया कि यह फैसला किराये को तर्कसंगत बनाने और यात्रियों के लिए किफायती दर तथा संचालन लागत के बीच संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। उल्लेखनीय है कि यह एक साल के भीतर दूसरी बार है जब रेलवे ने यात्री किराये में संशोधन किया है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *