कांवड़ यात्रा के बीच बड़ा आदेश! मीट की दुकानें अब पर्दे के पीछे

SHARE:

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड़ पर है. कांवड़ मार्ग से गुजरने वाले श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं. इसी कड़ी में अब कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी मीट-मटन की दुकानों और नॉनवेज होटलों को पूरी तरह कपड़ों से कवर करने के निर्देश जारी किए गए हैं.

किसी भी स्थिति में मीट खुले में नहीं रखा जाएगा
पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के प्रमुख कांवड़ मार्गों और मीनाक्षी चौक स्थित नॉनवेज होटलों और मीट दुकान संचालकों के साथ बैठक कर जरूरी गाइडलाइंस सौंपी हैं. प्रशासन ने स्पष्ट हिदायत दी है कि किसी भी स्थिति में मीट खुले में नहीं रखा जाएगा और दुकानों के आगे हरे या अन्य कपड़ों का पर्दा लगाकर उन्हें पूरी तरह ढककर रखा जाएगा. इसके साथ ही, जिला प्रशासन के आदेश मिलने के बाद कांवड़ यात्रा की मुख्य समयावधि के दौरान इन दुकानों को निर्धारित दिनों के लिए पूरी तरह बंद कराने की तैयारी भी की गई है.

कार्रवाई करने की चेतावनी भी जारी की गई
कांवड़ मार्ग पर केवल मीट ही नहीं, बल्कि शराब की दुकानों को भी ढका जा रहा है ताकि शिवभक्तों की यात्रा में किसी प्रकार का व्यवधान न आए और आस्था का माहौल बना रहे. पुलिस और प्रशासन ने सभी व्यापारियों से शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से यात्रा संपन्न कराने के लिए इन नियमों का पालन करने की अपील की है. नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी भी जारी की गई है.

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई