दिल्ली दंगों की साजिश से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा उमर ख़ालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाएं खारिज किए जाने पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए इसे न्याय की दिशा में अहम कदम बताया।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि जिन लोगों ने दिल्ली को दंगों की आग में झोंका, उनके साथ सख्ती बरती जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि समाज में गलत संदेश न जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जिन राजनीतिक दलों या ताकतों ने इन आरोपियों को समर्थन या संरक्षण दिया, उन्हें भी इस फैसले से स्पष्ट संदेश जाना चाहिए। कानून से ऊपर कोई नहीं है और दंगों जैसी घटनाओं में शामिल लोगों के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जानी चाहिए।
गौरतलब है कि सोमवार को सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एनवी अंजारिया की पीठ ने उमर ख़ालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाएं खारिज कर दीं, जबकि इसी मामले में पांच अन्य आरोपियों को राहत देते हुए जमानत मंजूर की गई है।








