देशभर के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 10 घंटे के भीतर उत्तर भारत समेत 15 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं कुछ राज्यों में ओलावृष्टि की चेतावनी भी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, राजस्थान सहित कई राज्यों में मौसम अचानक बदल सकता है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-NCR में मौसम का हाल
दिल्ली-NCR में 17 और 18 मई को तेज धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक रात के समय बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि दिन में गर्मी बरकरार रहेगी और तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आने वाले दिनों में भी दिल्ली में तेज हवाएं और बादल छाए रहने की संभावना बनी रहेगी।
उत्तर प्रदेश में गर्मी के साथ तूफान का असर
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। बांदा, प्रयागराज और झांसी जैसे इलाकों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी यूपी में लू चल सकती है, जबकि कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। लखनऊ समेत आसपास के इलाकों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
राजस्थान में बढ़ेगी गर्मी, आंधी का भी अलर्ट
राजस्थान में एक बार फिर तेज गर्मी लौट सकती है। IMD जयपुर केंद्र के अनुसार 17 और 18 मई को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और शेखावाटी क्षेत्र में मेघगर्जन के साथ तेज आंधी चल सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।
बिहार में भारी बारिश की चेतावनी
बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। गया, दरभंगा, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, बेगूसराय और पश्चिमी चंपारण समेत कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है। पटना में 17 और 18 मई को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
इन राज्यों में जारी हुआ मौसम अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान समेत कुल 15 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में अचानक मौसम बदल सकता है, इसलिए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।







