आज का मौसम: कड़ाके की ठंड फिर बढ़ेगी, दिल्ली-यूपी समेत 6 राज्यों में बारिश का अलर्ट, बिहार में शीतलहर

SHARE:

देशभर में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और 15 जनवरी से एक बार फिर कड़ाके की सर्दी लौटने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर भारत के कई हिस्सों में शीतलहर और घने कोहरे की स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत छह राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बिहार में शीतलहर को लेकर चेतावनी दी गई है।

IMD के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में अगले दो दिनों तक शीतलहर चलने की प्रबल संभावना है। मैदानी इलाकों में हल्के से घने कोहरे का असर देखने को मिलेगा, जिससे यातायात और जनजीवन प्रभावित हो सकता है। कई जगहों पर दृश्यता शून्य के करीब पहुंच चुकी है।

मौसम विभाग ने बताया कि 15 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 15 से 30 जनवरी के बीच उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में कई मजबूत सिस्टम आने की संभावना है, जिससे भारी बर्फबारी हो सकती है। इसका असर मैदानी इलाकों में भी दिखेगा और ठंड व कोहरा और बढ़ सकता है। बिहार समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले पांच से छह दिनों तक घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।

फिलहाल तापमान कई जगह रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सर्दी का अब तक का सबसे कम तापमान है। दिल्ली और चंडीगढ़ जैसे शहरों में भी पारा चार डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी शुरू होगी।

IMD ने अगले 72 घंटों में छह राज्यों में बारिश की चेतावनी दी है। 16 से 20 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि उत्तराखंड में भी कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 18 से 20 जनवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश के आसार हैं। वहीं 19 और 20 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी हल्की बारिश हो सकती है।

दिल्ली की बात करें तो 18 से 20 जनवरी के बीच बारिश का अनुमान जताया गया है। इस दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है। 15 से 17 जनवरी के बीच सुबह और रात का तापमान चार से पांच डिग्री के बीच रहने की संभावना है और ठंडी हवाएं भी चलेंगी।

उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम साफ रहने का अनुमान है, हालांकि अवध क्षेत्र के कई जिलों में हल्का कोहरा और ठंडी हवाओं के कारण गलन बनी रह सकती है। पश्चिमी यूपी में 18 और 19 जनवरी को हल्की बारिश के संकेत हैं। उत्तराखंड में आज मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन मैदानी इलाकों में घने से बहुत घने कोहरे और पहाड़ी क्षेत्रों में पाले के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, कोहरे में वाहन सावधानी से चलाने और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *