दिल्ली-NCR में आज गर्मी और उमस बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि राजधानी में आज किसी भी इलाके में बारिश की संभावना नहीं है। दिन का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। यानी दिल्लीवालों को आज उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ेगी।
यूपी में उमस और गर्मी का प्रकोप
उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों हुई लगातार बारिश अब पूरी तरह से थम चुकी है। बारिश रुकने से मौसम साफ हो गया है, लेकिन अब गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस वजह से तापमान में और बढ़ोतरी होगी और उमस का प्रकोप और ज्यादा परेशान करेगा।
बिहार में बादल, लेकिन बारिश नहीं
बिहार के मौसम में भी बदलाव दिख रहा है। आज बारिश की कोई उम्मीद नहीं है, हालांकि कुछ जिलों में बादल छाए रहेंगे। पटना, सिवान, सारण, भोजपुर, बेगूसराय, दरभंगा और समस्तीपुर जैसे जिलों में लोग गर्मी से बेहाल हो सकते हैं। जुलाई और अगस्त में हुई भारी बारिश और बाढ़ के बाद अब मौसम शुष्क और उमस भरा हो गया है।
उत्तराखंड और हिमाचल में बरसात का कहर
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में अभी भी बारिश का कहर जारी है। हाल ही में बादल फटने से 50 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि मौसम विभाग ने आज (22 सितंबर) किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है और सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा है।
आने वाले दिनों में कहाँ होगी बारिश?
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में अगले 3 दिनों तक बारिश हो सकती है। यानी मैदानी इलाकों में जहां गर्मी और उमस परेशान करेगी, वहीं इन राज्यों में बारिश से लोगों को राहत मिल सकती है।







